वृंदावन। ब्रज दर्शन को आए ओडिशा के श्रद्धालु तापघात का शिकार हो गए। हालत बिगड़ने पर 6 श्रद्धालुओं को संयुक्त जिला अस्पताल (सौ शैय्या) में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर बनी हुई है।
इन दिनों उत्तर भारत में सूर्य देव की प्रचंडता से हाहाकार मचा है। तापमान लगातार अपने उच्चस्तर पर रहने से तापघात की स्थिति पैदा हो रही है। शनिवार को ओडिशा से ब्रज दर्शन को आए श्रद्धालुओं का दल तापघात का शिकार हो गया। बताया जाता है कि करीब दो दिन पहले ओडिशा से 12 से अधिक लोगों का एक समूह वृंदावन आया है। नगर निगम चौराहे के
पास रानीमठ में ठहरे श्रद्धालु शुक्रवार को गोवर्धन परिक्रमा के लिए गए थे।
शनिवार सुबह अचानक 6 लोगों डिहाइड्रेशन की शिकायत हो गई। हालत बिगड़ने पर इन सभी को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल इन सभी की हालत स्थिर बनी है। डॉक्टर के मुताबिक हॉस्पिटल में जानकी (59) पत्नी बलराम, तुलसी बेहरा पत्नी बहादुर, गंगी करनी पत्नी गोविंदा, डोरा पत्नी लाला शाही और रविंद्रनाथ को भर्ती करवाया गया है। जहां उपचार के बाद सभी मरीजों की हालत में सुधार पाया गया है।