मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र के चार कुंड और तालाबों की सूरत बदलेगी। यहां जमी सिल्ट निकालने के साथ ही सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छ पानी भरने के इंतजामात किए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है।
मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा शहर की महाविद्या कॉलोनी स्थित महाविद्या कुंड एवं धनगांव, तंतूरा एवं कोटा गांव में तालाबों दशा सुधारने का कार्य शुरू हो गया है। निगम की टीम द्वारा महाविद्या कुंड में सिल्ट निकालकर सफाई कार्य किया जाएगा। इसके अलावा कुंड की सीढ़ियां एवं दीवार की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा कुंड के आसपास लोगों के बैठने के लिए पत्थरों की बैंच, चारों तरफ घास और पेड़ लगाए जाएंगे। कुंड में स्वच्छ पानी भरने के लिए भी इंतजाम किए जाएंगे।
इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में आने वाले कोटा, तंतूरा एवं धनगांव में तालाबों की सफाई करने के साथ ही उनका सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिसमें तालाबों के आसपास लोगों के बैठने के लिए बेंच, चारों तरफ घास के साथ पेड़ पौधे और गांव के जो दूषित पानी इन कुंडों में जाता था वह दूषित पानी का शोधन कर कुंड को भरा जाएगा। गांवों में तालाबों की बाउंड्रीवाल बनाने का कार्य शुरु हो गया है। इसके बाद सौंदर्यीकरण और गावों के दूषित पानी का शुद्धिकरण कर भरने की व्यवस्था का कार्य शुरु कर दिया गया है।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता (निर्माण) एसपी मिश्रा ने बताया कि अमृत -2 योजना के तहत कुंड और तालाबों की दशा सुधारने के साथ ही सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसमें तालाबों को पक्का किया जा रहा है। सिल्ट निकाली जा रही है। लोगों के बैठने के लिए बैंच लगाई जाएंगी। यह कार्य लगभग साढ़े छह करोड़ से अधिक धनराशि से किया जाएगा।