मथुरा में दिल्ली से गोवर्धन परिक्रमा करने आए श्रद्धालु की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद साथ आए लोग रोने बिलखने लगे। प्याऊ के पास पानी पीते समय यह हादसा हुआ।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक प्याऊ के पास परिक्रमा कर रहे श्रद्धालु की करंट लगने से मौत हो गई। श्रद्धालु दिल्ली का रहने वाला था। वह मुड़िया मेला में तीरथनगरी पहुंचा था। हादसे के बाद लोगों ने प्याऊ के पास से दूरी बना ली। हादसा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर आन्यौर के पास हुआ।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के कपास हेड़ा निवासी रवि (35) पुत्र किशन रविवार को गिरिराज जी की परिक्रमा के लिए गोवर्धन आया था। आन्यौर के पास वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया। साथ के लोग उसे गोवर्धन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीएस सिसौदिया ने बताया कि रवि के शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। गोवर्धन थाना प्रभारी ओम हरि वाजपेयी ने बताया कि शव घरवालों को सौंप दिया गया है। विद्युत निगम के जेई सुधीर पटेल ने बताया कि युवक आन्यौर के पास लगे एक प्याऊ के पास करंट की चपेट में आया है।