लोकायुक्त में पहुंची लिखित शिकायत
मथुरा के मांट क्षेत्र के निवासी व्यक्ति ने क्षेत्रीय सीजनल अमीन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने उप लोकायुक्त लखनऊ से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उप लोकायुक्त ने डीएम मथुरा से 27 जनवरी तक जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अंकित अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि उन्होंने 29 मई 2023 को सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के अधीन, उपजिलाधिकारी महावन तथा जिलाधिकारी मथुरा से तहसील महावन में कार्यरत समस्त सामायिक संग्रह अमीनों की सूची मांगी थी। उक्त सूची आज तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। 4 जून 2023 तथा 06 जून 2023 को सीजनल अमीन की नियुक्ति से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई।
आरोप लगाया है कि अमीन की नियुक्ति संदिग्ध है जिसकी जांच कराना अति आवश्यक है। करोड़ों रुपये का धन शोधन करके राजस्व को हानि पहुंचाकर आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इस पूरे प्रकरण की गहनता जांच होनी चाहिए। उन्होंने इस संबंध में उप लोकायुक्त लखनऊ से जांच के साथ कार्रवाई की मांग की है। मामले पर संज्ञान लेकर उप लोकायुक्त ने जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को 27 जनवरी तक जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।