फरह (मथुरा)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कल 13 मई को दोपहर एक बजे गऊग्राम परखम आएंगे। वह दीनदयाल गो विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में नवनिर्मित प्रकल्पों का लोकार्पण करेंगे। उपमुख्यमंत्री गौरी भवन कन्या छात्रावास, हर्बल पार्क (औषधि उद्यान), पशु चिकित्सालय, स्टूडियो, हर्बल पार्क, बुनकर प्रशिक्षण केंद्र की मशीन का ई-लोकार्पण करेंगे वहीं कन्वेशन सेंटर और स्टाफ आवास की आधारशिला रखेंगे।
सोमवार को गऊग्राम के अशोक सिंघल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में गोशाला के मंत्री हरीशंकर शर्मा ने यह जानकारी दी। बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त 45 कमरों के गौरी भवन कन्या छात्रावास में एक साथ 125 छात्राएं रह सकेंगी। समारोह में मुख्य वक्ता आरएसएस के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख, राजकुमार मटाले रहेंगे। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज एवं विजय कौशल महाराज का आशीर्वचन प्राप्त होगा।
लोकार्पण हवन, गृह प्रवेश एवं पूजन के कार्यक्रम प्रातः 10ः30 से दोपहर 12ः30 तक होंगे। प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य के सदस्य डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि औषधि उद्यान में औषधियों को उगाया जाएगा। संघ के प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने बताया कि कामधेनु प्रसार केंद्र आधुनिक स्टूडियो होगा। प्रसार केंद्र का अपना ऑनलाइन चैनल रहेगा। इस अवसर पर निदेशक सोनपाल, नरेंद्र पाठक एवं मीडिया प्रमुख मुकेश शर्मा उपस्थित रहे।