बलदेव (मथुरा)। बलदेव ब्लाक के गांव मनोहरपुर में डेंगू की आशंका की दहशत ने हड़कंप मचा दिया है। बुखार से पीड़ित मरीजों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डेंगू होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है और गांव में टीम भेजी गई है। टीम ने खून की जांच के लिए नमूने लिए हैं। बलदेव के प्राइवेट चिकित्सक ने 10 मरीजों को डेंगू होने की पुष्टि का दावा किया है।
बलदेव के गांव मनोहरपुर में पिछले कई दिनों से लोग बीमार हैं। लगभग 40 से 45 महिला-पुरुष और बच्चे बुखार से पीड़ित हैं। बीमार लोगों का बलदेव के निजी अस्पताल के साथ मथुरा, आगरा, भरतपुर आदि स्थानों पर इलाज चल रहा है। इसमें लक्ष्मी, हीरालाल, कमलेश, राम, कृष्णा, गोपाल, युवराज, रामबेटी, लक्ष्मीनारायन, ओमप्रकाश, भगवान दास, करूआ, दीपक, पिंकी, परवेंद्र, मीना, देवकी, मंजू का उपचार बलदेव के निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। यहां के चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने दावा किया है कि खून की जांच में 10 लोगों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है।
इस दावे के बाद क्षेत्र में फैली डेंगू की आशंका ने स्वास्थ्य विभाग में खलबली मचा दी है। सीएमओ ने कई टीम गांव में भेजकर खून के नमूने एकत्रित कराए हैं। बलदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. बीएस सिसौदिया ने कहा कि अभी यह कह पाना मुश्किल है कि मरीजों को डेंगू है। रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि होगी।
मनोहरपुर भेजी गई टीम ने लोगों के खून के नमूने लिए हैं। इनकी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। लोगों को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।
- डॉ. शेर सिंह, सीएमओ
गांव में गंदगी का साम्राज्य
मथुरा। गांव मनोहरपुर में गंदगी का साम्राज्य है। गांव की पोखर गंदगी का कारण बनी हुई है। ग्रामीण रघुनाथ सिंह ने बताया कि गांव व पोखर में गंदगी की कई बार शिकायत ग्राम प्रधान व प्रशासन से की, लेकिन कोई सुनवाई न होने से ग्रामीणों में यह बुखार फैला है।