मथुरा। अक्षय तृतीया पर्व को लेकर बाजारों में ग्राहकों की भीड़ नजर आने लगी है। शहर में कपड़ों की खरीदारी के लिए दोपहर और शाम को साड़ी शोरूम पर खरीदारी करने वाले लोगों की भीड़ रही। ऐसे में साड़ी, लहंगा का कारोबार चमक उठा है।
महिलाओं के लिए दुकानों पर एक से बढ़कर एक लकदक साड़ी दिखाई जा रही है। इस समय दुकानों में पैर रखने की जगह नहीं है। हर कोई अपने लिए आकर्षक साड़ी खरीदने में व्यस्त है। ग्राहकों की हलचल से बाजार में रौनक आ गई है। दुकानों के बाहर नई-नई साड़ी दिख रही हैं। दुकानदारों के अनुसार इस समय रिमझिम शिफान व सिल्क की साड़ियों का क्रेज बढ़ा है। इनकी कीमत एक हजार से पांच हजार रुपये तक है। यह साड़ियां पहनने में आरामदायक होने के साथ आकर्षण का केंद्र होती हैं, इसी वजह से महिलाएं इसे अन्य कपड़ों की तुलना में अधिक पसंद कर रहीं हैं।
नगीनों की नक्काशी वाली साड़ियां भी महिलाओं के लिए बाजार में अलग-अलग वैराइटी में उपलब्ध हैं। साड़ी कारोबारियों के अनुसार शादियों का सीजन प्रारंभ हो रहा है, ऐसे में महिलाएं उस मौके को ध्यान में रख खरीदारी करने पहुंच रहीं हैं। बाजार में साड़ी की खरीदारी कर रहीं नीलम और रचना ने बताया कि सिल्क की साड़ी काफी आकर्षक है, हालांकि साड़ियों के दाम कुछ पहले से महंगे है।
टीवी सीरियल में देखकर युवतियां इन दिनों शरारा, लहंगा, गाउन ज्यादा पसंद कर रहीं हैं। उन्होंने बताया कि शादी के समय पहनने के लिए वह ज्यादा खरीद रहीं हैं। इसकी कीमत एक हजार रुपये से शुरू है।
- सौरभ अग्रवाल, संचालक एसएस कलेक्शन
खरीदारी के प्रति लोगों की रूचि दिखने लगी है। यह व्यवसाय के लिए अच्छे संकेत हैं। अक्षय तृतीया नजदीक आते ही दुकानों पर रौनक लौटने लगी है। इस समय सिल्क की साड़ी, टोफो सेट को ज्यादा पसंद कर रही हैं। इसके अलावा महिलाएं लहंगा, लांचा को ज्यादा वरीयता दे रही हैं।
- सनी सिंह, संचालक एसआर कलेक्शन