मथुरा। आयकर विभाग ने मसानी रोड स्थित एक होटल में करदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश (पश्चिम) एवं उत्तराखंड क्षेत्र की प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अपर्णा करन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कर प्रणाली को अधिक पारदर्शी व सुगम बनाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
आगरा के प्रधान आयकर आयुक्त प्रथम डॉ. संजय कुमार लाल के नेतृत्व में तकनीकी सत्रों में विभागीय विशेषज्ञों और अधिकारियों ने करदाताओं को टैक्स से जुड़े व्यावहारिक और कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। कानपुर के आयकर आयुक्त ने कर कटौती के सही नियमों, चालान भरने की प्रक्रिया और नियत तिथियों के पालन के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि समय पर अनुपालन करने से करदाता अनावश्यक जुर्माने और विलंब शुल्क से बच सकते हैं। वित्तीय खुफिया एवं अन्वेषण इकाई, कानपुर के सहायक आयकर निदेशक मिर्जा मो. कल्बे अब्बास ने विदेशी संपत्तियों और विदेशी आय के प्रकटीकरण पर जानकारी दी। उन्होंने संपत्तियों की गणना पद्धति, प्रासंगिक नियमों, विधिक प्रक्रियाओं तथा नियमानुसार प्रकटीकरण करने से होने वाले लाभों के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन आयकर अधिकारी अजीत कुमार मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम में आयकर विभाग के योगेंद्र शर्मा, राहुल गोयल, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, डीआईओएस, बीएसए, सीएमओ, डाक विभाग, बीएसएनएल और बीएसए कॉलेज के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अलावा नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, टैक्स बार एसोसिएशन, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन और वरिष्ठ अधिवक्ताओं भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर अपर आयकर आयुक्त शैलेंद्र श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों काे धन्यवाद ज्ञापित किया। इस विशाल आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में श्री का सराहनीय योगदान रहा।