द्वारकाधीश में दीपावली उत्सव के दौरान जलाए गए दीपक श्री जगमगाता मंदिर का जगमोहन।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। अधिकमास की अमावस्या पर द्वारिकाधीश मंदिर में दीपावली मनाई गई। मंदिर प्रांगण दीपों की रोशनी में नहाया हुआ था। भक्त भी अपने आराध्य की दीपावली को देखने के लिए उमड़ पड़े। शुक्रवार को अमावस्या के पर्व पर द्वारिकाधीश मंदिर में विविध धार्मिक आयोजन हुए। सुबह मंदिर में महादान की लीला हुई।
सायंकाल स्वयं के दर्शन में भव्य दीपदान का मनोरथ हुआ। ठाकुर जी को कांच की हटरी में विराजमान कराया गया और कांच की हटरी में भव्य दीपदान का मनोरथ हुआ। मंदिर प्रांगण में जगमगाते हजारों दीप मंदिर की आभा को और अत्यंत दर्शनीय मना रहे थे। मंदिर प्रांगण भक्तों के जयकारों से गूंज रहा था। मंदिर खुलने के साथ ही भक्तों ने अपने आराध्य के दर्शन किए और कृतार्थ हुए।
मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि मंदिर के सभी कार्यक्रमों का निर्धारण मंदिर के गोस्वामी बृजेश कुमार महाराज के द्वारा किया जाता है और उन सभी कार्यक्रमों का निर्देशन मंदिर के गोस्वामी काकरोली युवराज डॉ. वागीश कुमार महाराज के द्वारा किया जाता है। मंदिर के अधिकारी वैद्य अशोक कुमार शर्मा, बृजेश मुखिया, समाधानी राजीव चतुर्वेदी, बृजेश चतुर्वेदी, बलदेव भंडारी, सत्यनारायण रोकड़िया,अमित चतुर्वेदी, त्रिलोकि नाथ, अजय भट्ट,लक्षमन पाठक, कन्हैया लाल जीतू और मंदिर के मुखिया सुधीर कुमार आदि का व्यवस्था में सहयोग रहा।