करीब 15 बदमाशों ने गुरुवार मध्य रात्रि ब्रह्मऋषि कुमार स्वामी महाराज के निर्माणाधीन मंदिर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने यहां मौजूद तीन चौकीदारों को पहले पीटा और बाद में उन्हें बांधकर चारदीवारी के बाहर डाल दिया।
असलाह से लैस तीन बदमाश उनके पास खड़े रहे। जबकि अन्य ने कीमती सामान लूटकर निर्माण स्थल पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में लाद लिया। इसके बाद बदमाश सामान से लदी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गए।
हाईवे स्थित गांव आंझई मोड़ पर ब्रह्म ऋषि कुमार स्वामी महाराज का सत्संग स्थल है। यहां श्री लक्ष्मी नारायण धाम दिल्ली प्रभु कृपा महाशक्ति पीठ का निर्माण करा रही है। गुरुवार को मंदिर के दास व प्रभारी रामू किसी काम से दिल्ली गए थे।
रात करीब 1:25 बजे बिजली चली जाने पर मंदिर परिसर में तैनात तीन चौकीदार नाहर सिंह, गंगा सेवक और एक अन्य बाहर लेटे हुए थे, तभी बदमाशों ने धावा बोल दिया।
बदमाशों ने यहां से करीब 50,000 रुपये, एलसीडी, कंप्यूटर, टीवी और अन्य सामान बटोरकर टैक्ट्रर ट्राली में लाद लिया और फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट दास रामू ने वृंदावन कोतवाली में दर्ज कराई है।