गोवर्धन पुलिस ने फर्जी लिंक और मैसेज भेजकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से आईफोन, फर्जी आधार कार्ड, फर्जी सिम और नशीला पाउडर बरामद हुआ है।
मथुरा के गोवर्धन थाना पुलिस ने शनिवार रात एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक आईफोन, दो फर्जी आधार कार्ड, फर्जी सिम कार्ड और नशीला पाउडर बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी लिंक और मैसेज भेजकर लोगों को रिश्तेदार या परिचित बताकर उनके बैंक खातों से पैसे ठगता था। पुलिस टीम देवसेरस चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान देवसेरस निवासी एक युवक पर शक हुआ, जो अपनी पहचान छिपाकर साइबर ठगी के साथ नशीला पाउडर भी बेच रहा था। पुलिस ने हनुमान मंदिर के सामने कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नूरुद्दीन निवासी देवसेरस, थाना गोवर्धन बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी सिम और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को फर्जी लिंक भेजकर बैंक डिटेल्स हासिल कर खातों से पैसे निकाल लेता था। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के अन्य साथियों की छानबीन की जा रही है।