मथुरा पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने की आशंका वाले करीब 400 म्यूल बैंक खातों की जांच शुरू की है। शुरुआती जांच में कई खाते एनआरएलएम योजना के तहत खुले पाए गए हैं, जबकि दो साइबर ठगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
मथुरा के हॉट स्पॉट क्षेत्रों में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन के बीच अब पुलिस की नजर उन बैंक खातों पर भी टिकी है, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन में होने की आशंका है। करीब 400 ऐसे म्यूल बैंक खाते पुलिस के रडार पर हैं। इन खातों की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित बैंक शाखाओं से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनमें से बड़ी संख्या में खाते राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत खुलवाए गए थे। योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था। लेकिन कुछ खाताधारकों को झांसे में लेकर या मामूली लालच देकर जालसाजों ने उनके खाते साइबर ठगी की गतिविधियों में इस्तेमाल करने शुरू कर दिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोसीकलां और बरसाना क्षेत्र में ऐसे खातों की संख्या सबसे अधिक सामने आई है।
खाताधारकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जिन खातों में संदिग्ध लेनदेन मिला है, उनके रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि साइबर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में भेजकर स्रोत को छिपाने का प्रयास किया जाता है। ऐसे में इन खातों की जांच से पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेक बुक या ओटीपी उपलब्ध न कराएं। यदि किसी ने लालच या कमीशन के बदले खाते का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव दिया है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
दो साइबर ठग गिरफ्तार, कई राज्याें में दर्ज थी शिकायतें
इधर, कोतवाली पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड व सात हजार रुपये नकदी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ आंध्र प्रदेश के बापटला और तिरुपति व पंजाब के संगरूर जिला सहित विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। शुक्रवार रात को पुलिस ने भूतेश्वर अखाड़े वाली गली स्थित पोखर के पास से यश राठौर निवासी कृष्णा विहार और महोली रोड स्थित जनक पुरी निवासी सनी सिसोदिया को गिरफ्तार किया है।