साइबर ठग एआरटीओ के नाम पर व्हाट्सएप पर फर्जी चालान के संदेश और एपीके फाइल भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। फाइल डाउनलोड कर इंस्टॉल करते ही दो लोगों के बैंक खातों से कुल 24 हजार रुपये निकाल लिए गए, जबकि कई व्यापारियों को भी ऐसी फाइलें भेजी गईं।
साइबर ठग अब लोगों को ट्रैफिक चालान भरने के नाम पर निशाना बना रहे हैं। एआरटीओ के नाम का सहारा लेकर व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी जा रही हैं। एपीके फाइल मोबाइल फोन में इंस्टॉल करते ही बैंक खाते से रकम पार कर दी जाती है। ऐसे ही दो लोगों के बैंक खातों से कुल 24 हजार रुपये निकाल लिए गए जबकि कई व्यापारियों के मोबाइल पर भी इसी तरह की फाइलें भेजी गई हैं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, साइबर ठग व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर दावा करते हैं कि संबंधित वाहन का ट्रैफिक चालान लंबित है और उसे तत्काल जमा करना आवश्यक है। संदेश के साथ एक एपीके फाइल भी भेजी जाती है, जिसे चालान देखने या भुगतान करने के लिए डाउनलोड करने को कहा जाता है। कई लोग इसे परिवहन विभाग का आधिकारिक संदेश समझकर फाइल डाउनलोड कर लेते हैं।
एपीके फाइल इंस्टॉल होते समय कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगता है। इससे ठग मोबाइल फोन पर नियंत्रण हासिल कर लेते हैं। इसके बाद बैंकिंग एप, ओटीपी, एसएमएस और अन्य गोपनीय जानकारियों तक पहुंच बनाकर खाते से रुपये निकाल लेते हैं। हाल ही में दो लोग इस साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। एक के बैंक खाते से चार हजार और दूसरे के खाते से 20 हजार रुपये पार कर दिए।
एसपी क्राइम श्वेता यादव ने बताया कि अनजान नंबर से प्राप्त एपीके फाइल या लिंक को डाउनलोड न करें। ट्रैफिक चालान की जानकारी केवल परिवहन विभाग या यातायात पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट अथवा अधिकृत प्लेटफॉर्म पर ही जांचें। इसके बाद चालान भरने की प्रक्रिया शुरू करें।
केस-एक
कृष्णा नगर निवासी गोपाल सैनी ने बताया कि एक सप्ताह पहले व्हाट्सएप पर ट्रैफिक चालान भरने से संबंधित एक एपीके फाइल भेजी गई थी। उसे मोबाइल फोन में डाउनलोड करते ही बैंक खाते से रुपये कटने के संदेश आने लगे। अलग-अलग दिनों में चार हजार रुपये कट गए। बैंक में शिकायत कर खाता बंद कराया।
केस-दो
कृष्णा नगर निवासी तरुण कुमार ने बताया कि मुझे लगा कि यह ट्रैफिक चालान से जुड़ा आधिकारिक संदेश है, इसलिए फाइल डाउनलोड कर ली। कुछ समय बाद बैंक खाते से अलग-अलग समय में 20 हजार रुपये कट गए। उन्होंने बैंक से संपर्क कर खाता सुरक्षित कराया और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
हेल्पलाइन पर करें कॉल
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के साथ इस तरह की ठगी होती है तो तत्काल बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कर कार्ड और खाते को ब्लॉक कराएं। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। निकटतम साइबर थाने या पुलिस से संपर्क करें। समय रहते शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।