मथुरा। सामान्य अध्ययन और करेंट अफेयर्स के सेक्शन ने अभ्यर्थियों को उलझाया। परीक्षा में हिंदी, गणित, रीजनिंग और सामान्य अंग्रेजी के प्रश्न सरल और सीधे पूछे गए थे। ये बातें उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का ओर से आयोजित प्रारंभिक पात्रता परीक्षा देकर आए अभ्यर्थियों ने बताईं। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले छात्रों ने प्रश्न पत्र के स्तर को मॉडरेट बताया, जो न तो अत्यधिक कठिन था और न ही बहुत सरल था।
कानपुर और झांसी से परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों बताया कि इस बार के पेपर में पिछले वर्षों के मुकाबले कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला। नियमित अभ्यास करने वाले छात्र आसानी से 70 से अधिक अंक प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि पेपर मॉडरेट था, परीक्षा में मुख्य रूप से वर्ष 2025 के अंतिम महीनों और साल 2026 की शुरुआत के करंट अफेयर्स से जुड़े 4 से 5 सवाल पूछे गए थे, जिनका स्तर थोड़ा चुनौतीपूर्ण था।
डीआईओएस राघवेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हो गई है। परीक्षा का रविवार को तीसरा चरण था। इससे पहले 25 और 30 अक्तूबर को प्रथम व द्वितीय चरण की परीक्षा आयोजित हो चुकीं हैं।
ये रही उपस्थिति
कंट्रोल रूम से जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 28272 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली (सुबह 10:00 से 12:00 बजे) में पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 9283 उपस्थित रहे, जबकि 4853 अनुपस्थित दर्ज किए गए। वहीं द्वितीय पाली (दोपहर 03:00 से 05:00 बजे) में 9365 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 4771 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 9624 अभ्यर्थियों ने दोनों पालियों में परीक्षा छोड़ दी।
-
-पेपर का स्तर मॉडरेट था। हिंदी, गणित व रीजनिंग के सीधे सवालों की वजह से नियमित अभ्यास करने वाले छात्र आसानी से 70 से अधिक अंक पा सकते हैं। - सचिन चतुर्वेदी, कानपुर
-परीक्षा में पिछले वर्षों के मुकाबले कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला। इससे कुल मिलाकर पेपर का स्वरूप काफी संतुलित और संतोषजनक रहा। - आयुष तिवारी, झांसी
-भले ही पेपर बहुत कठिन नहीं था, लेकिन सामान्य अध्ययन और करेंट अफेयर्स के सेक्शन ने कुछ हद तक हम सभी को जरूर उलझाया। - विकास राजपूत, कानपुर नगर
-परीक्षा में 2025 के आखिरी महीनों और 2026 की शुरुआत के करंट अफेयर्स से जुड़े 4-5 चुनौतीपूर्ण सवालों ने स्कोरिंग में थोड़ी चुनौती बढ़ा दी। - रवि वर्मा, झांसी