मथुरा। दिवाली के लिए घर आ रहे लोगों की भीड़ ट्रेनों में उमड़ रही है। शुक्रवार शाम मथुरा जंक्शन पर भीड़ का भारी दबाव देखने को मिला। यहां से जाने वालों की ही नहीं, आने वालों की संख्या भी काफी रही। खासकर मुंबई और गुजरात से आ रही ट्रेनों में मारामारी दिखी।
जंक्शन पर सुबह इतनी भीड़ नहीं थी, लेकिन शाम होते भीड़ का दबाव बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग विभिन्न शहरों को जाने के लिए ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए। यहां रुकने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिली। लबी दूरी की अधिकतर एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में पैर रखने के लिए जगह नजर नहीं आई। पंजाब और महाराष्ट्र की ओर से आ रही ट्रेनों में भीड़ का दबाव ज्यादा रहा।
झेलम, गोवा, छत्तीसगढ़, पश्चिम एक्सप्रेस, गरीब रथ, पंजाब मेल, मंगला आदि ट्रेनों में भीड़ रही। स्टेशन निदेशक संजीव श्रीवास्तव ने बताया शुक्रवार को यहां से जाने वालों के साथ मथुरा आने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा रही। दिवाली के मद्देनजर यात्रियों को कोई दिक्कत न हो इसकी स्टेशन पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।