जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के सामने ट्रैक पर रविवार रात करीब दो बजे महिला का सिर मिलने से सनसनी फैल गई। काफी तलाश करने के बाद भी महिला का धड़ बरामद नहीं हुआ है।
आशंका जताई जा रही है कि किसी दुर्घटना के बाद महिला का सिर इंजन में फंसा रह गया और वह यहां आकर ट्रैक पर गिर गया।
जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे जीआरपी के जवानों को प्लेटफार्म नंबर एक पर आगरा की ओर जाने वाले ट्रैक पर महिला का सिर पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे जीआरपी के जवानों ने आसपास काफी देर तक तलाश की, लेकिन उसका धड़ नहीं मिला।
इसके बाद जीआरपी ने मथुरा से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक सभी जगह कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी। समाचार लिखे जाने तक कहीं भी धड़ मिलने की कोई सूचना नहीं मिली थी।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक पंकज लवानिया ने बताया कि महिला ने कानों में कुंडल पहने हैं और उसकी आयु करीब 45 वर्ष प्रतीत हो रही है।
प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि महिला ने आत्महत्या की है और उसका सिर इंजन में फंसकर जंक्शन स्टेशन पर आ गया है। जबकि उसका धड़ वहीं मौके पर ही रह गया है। अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रयास किए जा रहे हैं।