थाना सदर बाजार पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक व तमंचा कारतूस सहित दबोच लिया। दोनों कासगंज में हुई हत्या-लूट की वारदात में भी आरोपी हैं।
शुक्रवार की रात सदर बाजार पुलिस गोकुल बैराज के निकट चेकिंग कर रही थी। बाइक से जा रहे दो लोगों को रोका तो उन्होंने भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उनको घेरकर पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार थाना रिफाइनरी के गांव नगला मेंढ़की निवासी शिशुपाल सिंह और मुकेश को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों जिस बाइक पर थे वह चोरी की बताई गई है। बाइक पर ट्रैक्टर का नंबर अंकित था। उनसे एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए गए।
एसओ सदर ने बताया कि दोनों वर्ष 2009 में मथुरा रिफाइनरी से पेट्रोल लेकर जा रहे टैंकर की लूट और चालक-परिचालक की हत्या में भी शामिल थे। कासगंज में छह लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। मामले में दोनों को गिरफ्तार भी किया गया था।