पुलिस की हीलाहवाली से बदमाश बेखौफ हो गए हैं। गुरुवार को रिटायर्ड संप्रेक्षण अधिकारी के यहां लूट की वारदात करने वाले बदमाशों ने चार माह पहले भी नवंबर-2016 में सौंख अड्डा पंजाबी पेच में व्यवसायी के घर में दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात करने के बाद चार महीने तक नहीं पकड़े गए तो गैंग का दुस्साहस और बढ़ गया।
गुरुवार की रात थाना गोविंदनगर के एफ सेक्टर में रिटायर्ड अधिकारी के घर में घुसे होंडा सिटी सवार चार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैल दी थी। वारदात के दौरान एक बदमाश की चलाई गोली लगने से उसके साथी की मौत हो गई थी। मारे गए बदमाश की पहचान में गैंग के और भी वारदातें करने का खुलासा हुआ।
पुलिस ने पंजाबी पेच कालोनी के व्यवसायी लख्मीचंद के पुत्र राहुल को बुलवाया था। व्यवसायी पुत्र ने मारे गए बदमाश के हुलिये और पहनावे को देखकर उसकी पहचान चार नवंबर को उनके घर में दिनदहाड़े घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले के रूप में की। व्यवसायी के घर में लगे सीसीटीवी में हुई रिकार्डिंग में भी वो व्यवसायी से मारपीट करते दिख रहा है।
उस वारदात में पांच बदमाश दिखाई दे रहे हैं। मृतक बदमाश सफेद रंग की टोपी लगाए हुए व्यवसायी के घर में प्रवेश करता दिखता है। कोतवाली क्षेत्र में हुई इस वारदात को चार माह से अधिक गुजर चुके हैं, लेकिन पुलिस आज तक इसका खुलासा नहीं कर सकी है। अब उस लूट की वारदात के खुलासे की उम्मीद जगी है।