फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोकशी की सूचना पर कोसी में तनाव, हाइवे जाम

Sat, 26 Sep 2015 12:12 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला मथ्ाुरा/कोसीकलां
विज्ञापन
विज्ञापन
थाना कोसीकलां क्षेत्र के गांव खरौठ के जंगल में शुक्रवार शाम गोकशी की सूचना से इलाके में तनाव फैल गया। सैकड़ों की संख्या में खरौठ व आस पास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए दिल्ली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसपी देहात ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। दो घंटे तक हाईवे पर जाम के चलते वाहनों की मीलों लंबी कतारें लग गई और जाम में फंसे यात्री परेशान रहे। घटना के बाद तनाव की स्थिति को देखते हुए कोसी और आसपास इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन


शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे गांव खरौठ के ग्रामीणों को सूचना मिली कि कुछ लोग खरौठ-हताना मार्ग पर गोकशी कर रहे है। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को वहां पर जानवरों के मांस के टुकड़े मिले, आरोपी फरार हो गए। देखते ही देखते खरौठ, हताना, सुपाना, उमराया, नगला मेव, बेहराम, लालपुर सहित दर्जन भर गांवों के हजारों लोग लाठी डंडे लेकर पहले घटना स्थल पर पहुंच गए। ये आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।

सूचना पर पहुंचे एसडीएम रामरज यादव और सीओ पीयूष कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। रात करीब 9 बजे ग्रामीणों ने कोटवन के पास एनएच-2 पर जाम लगा दिया। एसएसपी डाक्टर राकेश सिंह और एसपी देहात अजय कुमार भी मौके पर पहुंच गए। मथुरा से वेटरिनरी चिकित्सकों की टीम भी घटनास्थल पर बुला ली गई।
विज्ञापन


टीम ने गोवंश की पुष्टि के लिए मांस के टुकड़ों के सैंपल लिए हैं। रात करीब 11 बजे अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। तनाव को देखते हुए पूरे जिले से पुलिस फोर्स कोसी बुला लिया गया और इलाके में तैनात कर दिया गया। मथुरा से अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी कोसी बुला ली गई। मिश्रित आबादी क्षेत्र में पुलिस गश्त कर रही थी।  

ग्रामीण कार्रवाई के आश्वासन पर मान गए हैं। क्षेत्र में फिलहाल शांति है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। क्षेत्र की फिजा बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गोवंश की पुष्टि के लिए टीम ने सैंपल लिए हैं। कोसी और आसपास क्षेत्र में पुलिस का गश्त जारी है।
विज्ञापन

अजय कुमार
एसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें