थाना रिफाइनरी क्षेत्र के एक युवक पर हाईवे क्षेत्र की युवती ने फिल्मों में काम दिलाने और बाद में शादी का झांसा देकर दो साल तक दुराचार करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत 18 वर्षीय युवती ने एसएसपी से की है।
बताया गया है कि रिफाइनरी क्षेत्र स्थित कांशीराम आवासीय कालोनी निवासी संजय कुमार दो साल पहले युवती के संपर्क में आया था। संजय ने उसे फिल्मों में काम दिलाने का आश्वासन दिया और ऑडिशन आदि के बहाने कई स्थानों पर ले गया।
आरोप है जब युवती 16 साल की थी तब ऑडिशन और काम दिलाने के बहाने संजय ने उससे कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में कहीं काम नहीं दिलाया और शिकायत करने पर शादी कर लेने का आश्वासन दिया। आरोप है कि अब संजय खुद को शादीशुदा बता रहा है।
एसएसपी ने रिफाइनरी पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने दुराचार और पोस्को के तहत रिपोर्ट दर्ज कर युवती को मेडिकल के लिए भेजा है।