थाना हाईवे के गांव नौगांव में नल से पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पहले लाठी-डंडे चले फिर पथराव और फायरिंग हो गई। तीन लोगों के चोट आई हैं।
हाईवे से सटे थाना हाईवे के गांव नौगांव में जयदो ठाकुर के बच्चे सरकारी नल से पानी भरने गए थे। आरोप है कि यहां अपना नंबर पहले बताते हुए प्रवीण पुत्र रूपकिशोर ने जयदो ठाकुर के बर्तन उठाकर फेंक दिए।
इसकी शिकायत जयदो ठाकुर के बच्चों ने परिवारीजनों से की। जयदो पक्ष ने इस पर प्रवीण और उसके पिता रूपकिशोर से शिकायत की। आरोप है कि तभी प्रवीण पक्ष से वीरेन्द्र, श्याम, टिंकू सहित सात लोग लाठी डंडा लेकर आए और जयदो पक्ष के लोगों से मारपीट कर डाली। विरोध करने पर पथराव कर दिया।
फायरिंग भी की। मारपीट में जयदो और उनके परिवार के तीन लोग चोटिल हो गए। सूचना पर हाईवे पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जयदो का आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग की लेकिन पुलिस फायरिंग से इनकार कर रही है। मामले में जयदो ने प्रवीण सहित छह लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, पथराव और फायरिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई है।