पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है
- फोटो : अमर उजाला
थाना कोतवाली क्षेत्र की अंतापाड़ा वाल्मीकि बस्ती में बुधवार देर रात पूर्व सभासद और नगर पालिका कर्मचारी के परिवार के बीच हुई मारपीट, फायरिंग और पथराव में तीस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मोहल्ले में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।
घटना के मूल में बताया जाता है कि बुधवार शाम कोतवाली क्षेत्र के अंतापाड़ा निवासी पूर्व सभासद राजू यादव के पास नगर पालिका कर्मचारी पारो वाल्मीकि किसी काम से गया। काम की सिफारिश आदि के संबंध में दोनों में विवाद हो गया था। तब आसपास के लोगों ने सुलह करा दी। राजू यादव ने कोतवाली पुलिस को इसकी शिकायत की। रात 10 बजे राजू यादव और उसके साथियों ने पारो वाल्मीकि के आवास पर हमला कर दिया और फायरिंग की।
पारो वाल्मीकि के परिवारीजनों और साथियों ने भी पथराव किया। कांच की बोतलें फेंकी। दोनों ओर से आधे घंटे तक जमकर बवाल हुआ। गुरुवार को भी तनातनी रही। कोतवाली पुलिस ने अपनी ओर से दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बंगालीघाट चौकी प्रभारी ने पूर्व सभासद राजू यादव, लाल बाबू यादव और सोने लाल यादव को नामजद करते हुए 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, वहीं दूसरे पक्ष के पारो, बालकिशन, बाबू, शैलेश को नामजद करते 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।