फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में बदल गई, दोनों फोन और फेसबुक पर बात करने लगे। 11 अप्रैल को युवक के कहने पर युवती होडल आ गई। यहां युवक ने उसे कोल्डड्रिंक पिलाई इसके बाद युवती बेहोश हो गई। दूसरे दिन होश आने पर उसने खुद को होडल और कोसी के बार्डर पर लालपुर के जंगल में पाया। युवती की तहरीर पर कोसीकलां थाने में युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।
थाने में रो-रोकर पुलिस से इंसाफ की गुहार लगा रही युवती ने बताया कि वह कोलकाता में रहती है और उसकी मां बीमार रहती है। पिता से विचार मेल नहीं खाते, इसलिए वह खर्चा चलाने की खातिर फरीदाबाद आ गई। यहां सेक्टर 28 में किराए के कमरे में रहकर एक मॉल में नौकरी करने लगी। इसी बीच फेसबुक पर होडल के सौरभ से दोस्ती हो गई।
जब दोस्ती प्यार में बदली तो मिलने का समय निर्धारित हुआ। युवती भी अपने प्यार से मिलने की खातिर युवक के बताए हुए स्थान होडल पर आ गई। युवती ने बताया कि युवक ने उसे कोल्डड्रिंक पिलाई और उसके बाद वह बेहोश हो गई। दूसरे दिन जब उसे होश आया तो वह गांव लालपुर के जंगलों मेें पड़ी थी।
यहां से वह थाना कोसीकलां पहुंची। यहां पुलिस ने उससे परिजनों को लाने को कहा। रविवार को युवती परिवार सहित थाने पहुुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि घटनास्थल होडल का है। रिपोर्ट दर्ज कर युवती को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा है।