दो सप्ताह पूर्व हाईवे पर गैंगवार में मारे गए राजेश टोंटा की हत्या का मुख्य आरोपी राकेश चौधरी कड़ी सुरक्षा में कोर्ट लाया गया। यहां पुलिस ने तीन दिन का रिमांड की मांग की लेकिन मंजूर कुछ घंटों की हुई। 31 जनवरी को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक राकेश चौधरी पुलिस कस्टडी रिमांड में रहेगा। शुक्रवार को कोर्ट से उसे वापस जेल भेज दिया गया।
17 जनवरी को जिला जेल में हुई गैंगवार में आगरा के अक्षय सोलंकी की हत्या हो गई थी। राजेश टोंटा, उसका साथी राजकुमार शर्मा को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। राजेश टोंटा को मथुरा के जिला अस्पताल से आगरा ले जाने के दौरान रात 11:30 बजे राजेश टोंटा की फरह थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में हत्या कर दी गई। मामले में थाना यमुनापार के गांव पानीगांव निवासी राकेश चौधरी सहित पांच लोगों के नाम प्रकाश में आए। एक सप्ताह पूर्व राकेश चौधरी के भरतपुर में समर्पण कर देने के बाद पुलिस ने उसे बी वारंट के आधार पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मथुरा जेल भेजा। फरह पुलिस ने टोंटा हत्याकांड में चौधरी की पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए आवेदन किया था। शुक्रवार को पुलिस कस्टडी रिमांड को मंजूरी मिल गई।
टोंटा के पांच हत्यारों के पास थे 10 तमंचे
हाइवे पर शूट आउट में राजेश टोंटा की हत्या को आए पांच हत्यारों में से हर एक के पास दो-दो तमंचे थे। जिला जेल में राकेश चौधरी से फरह पुलिस की पूछताछ में ये खुलासा हुआ। राकेश चौधरी, उसके चार साथी पुलिस अभिरक्षा में ही राजेश टोंटा की हत्या करने पर आमादा थे। फरह पुलिस ने जिला जेल में राकेश चौधरी के 161 के बयान भी दर्ज किए। पुलिस के अनुसार राकेश चौधरी ने बताया कि राजेश टोंटा की हत्या के बाद पुलिस वायरलेस पर हत्या किए जाने की सूचना चल गई थी, वाहन चेकिंग में बचने के लिए उन्होंने सभी तमंचे फेंक दिए थे।