सेंट पीटर्स मदर टेरेसा चिल्ड्रन एजूकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी की मांग के लिए 12 से अधिक बेरोजगारों ने एसएसपी डॉ. राकेश सिंह से मुलाकात की। एसएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि सेंट पीटर्स मदर टेरेसा चिल्ड्रन एजूकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी के संचालकों ने बेरोजगारों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगा था। शातिर युवकों ने बेरोजगारों से एक-एक लाख रुपये लेकर उन्हें शिक्षक की नौकरी देने और दस हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिए जाने का लालच दिया था।
इस लालच में आकर जिले के हजारों बेरोजगार युवक-युवतियां आ गए। इसके बाद संस्था से जुडे़ लोग भाग गए। ठगी का शिकार हुए बेरोजगार युवकों ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद भी ठग खुलेआम घूम रहे हैं।