आचार संहिता का पालन कराने के गठित टीमों ने चेकिंग के दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर कार से एक लाख की नकदी पकड़ी है जबकि छाता में 97,000 रुपये और पौने दो किलो चांदी जब्त की गई है। अफसरों का कहना है कि रकम से संबंधित कोई दस्तावेज ये लोग दिखा नहीं पाए थे।
रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल पर मांट पुलिस ने चेकिंग के दौरान नोएडा से कानपुर जा रही एक कार को रोककर चेक किया तो एक लाख सात हजार की नकदी मिली। कार सवार विवेक कुमार निवासी नौबस्ता कानपुर के कब्जे से सौ के नोटों की पांच गड्डी और दो हजार, पांच सौ के नोट मिले हैं। जब अफसरों ने पूछा तो विवेक कुमार ने बताया कि वो अपने एक रिश्तेदार से उधार पैसे लेकर आ रहे हैं। युवक ने पुलिस वालों की अपने रिश्तेदार से बात भी कराई।
उड़नदस्ता दल के प्रभारी ने बताया कि पड़ताल की जा रही है। जब रिश्तेदार से रकम लेकर आने की बात साबित हो जाएगी तो नकदी लौटा दी जाएगी। वहीं छाता में एक सेंट्रो कार से शेरगढ़ तिराहे पर छाता पुलिस ने 97,000 रुपये कैश और पौने दो किलो चांदी पकड़ी है।
ये चांदी और कैश कोसीकलां निवासी बिजेंद्र सोनी की है। बिजेंद्र सोनी अपने बेटे भरत सोनी के साथ शेरगढ़ से लौटकर कोसीकलां जा रहे थे। पुलिस ने कागजात मांगे तो दिखा नहीं पाए। लिहाजा कैश और चांदी जब्त कर ली गई।
एनआरआई के 65,000 रुपये जब्त
रविवार की शाम वाहन चेकिंग के दौरान एक कार की चेकिंग में सामान में से 65,000 रुपये नकदी मिली। मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र चुनाव प्रभारी स्टेटिक मजिस्ट्रेट राजेश मिश्रा मांट-डांगोली एप्रोच मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टैक्सी से ये रकम मिली।
टैक्सी में सवार एनआइआई सुरेश अंबुगा ने इसे अपना बताया। मूल रूप से बंगलूरू के निवासी सुरेश वर्तमान में आस्ट्रेलिया में रहते हैं। वो ब्रजदर्शन को आए हुए हैं। नकदी का स्रोत या संबंधित कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस उन्हें कोतवाली ले आई। जहां कागजी कार्रवाई के बाद नकदी जब्त कर ली गई।
कोसी में पकड़े चार लाख रुपये से अधिक
कोटवन चौकी पर चेकिंग के दौरान दिल्ली की ओर से आ रही कार से 4, 31,000 रुपये राशि पकड़ी गई। सभी नोट दो-दो हजार के थे। इंस्पेक्टर जगदीश यादव ने बताया कि गाड़ी में बैठे जुबेर पुत्र अब्दुल्ला निवासी रुपड़का थाना बहीन, इकबाल पुत्र अब्दुल रसीद पटौदी निवासी पलवल ने अपने को व्यापारी बताया। जुबैर के पास से 1,66000 रुपये, इकबाल के पास से 2,65000 रुपये मिले। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।