व्यापारी के साथ लूट के प्रयास में हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लेकर रविवार को पूछताछ की। पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर भी ले गई।
मुख्य आरोपी बीएसएफ के सैनिक चंद्रवीर ने बताया कि प्रेमिका के खर्चे पूरे के करने के लिए उसने लूट की योजना बनाई थी।
बीते माह नागल रोड निवासी मोहन नारायण अग्रवाल से बदमाशों ने लूट का प्रयास किया था। लूट में सफल नहीं हुए तो मोहन नारायण और मुनीम को गोली मार कर घायल कर दिया था।
पुलिस ने खुलासा किया था कि इस घटना का सरगना बीएसएफ का सैनिक चंद्रवीर निवासी अबुआपुरा चौकी किरावली अछनेरा आगरा है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह 15 दिन की छुट्टी पर आया था।
उस दौरान घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आगरा निवासी एक युवती से चंद्रवीर के प्रेम संबंध हो गए थे। इस कारण वह चार-पांच महीने मथुरा में स्वर्ण जयंती अस्पताल के निकट कमरा लेकर रहा था।
प्रेमिका के हाईफाई खर्चों को जब वह पूरा नहीं कर सका तो उसने लूट का रास्ता अपनाया और एक गैंग तैयार कर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़ित मोहन नारायण अग्रवाल और मुनीम पवन कुमार से उसकी शिनाख्त भी कराई। पुलिस उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद करने के प्रयास कर रही है।