यमुना एक्सप्रेसवे किनारे की बेशकीमती जमीन के लिए एक वृद्ध महिला की उसके इकलौते बेटे व पौत्र ने गोली मारकर हत्या कर दी। महिला ने जमीन का एक हिस्सा बेटी को दे दिया था, जिसको लेकर हत्यारोपी नाराज थे। दोनों ने महिला के सिर और सीने में तीन गोलियां मारी और दम तोड़ने तक उसे गोली मारते रहे।
घटना शुक्रवार अपराह़्न करीब दो बजे थाना महावन के गांव नगला सांवरिया में हुई और मरने वाली महिला इसी गांव की चंदों (70) पत्नी स्व. किशनी थी। घटना के वक्त चंदो घर पर अकेली थी, इसी बीच उसकी बेटे हरिसिंह व पौत्र राजकुमार ने गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चंदो के बेटे हरिसंह के अलावा तीन बेटियां और हैं। एक बेटी रामश्री की अपने पति से अनबन हो गई थी और वह अपने बच्चों के साथ मां के पास रही थी।
चंदो की ज्यादातर जमीन यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे है और उसे कुछ जमीन मायके गांव सौरई थाना सादाबाद हाथरस में भी मिली हुई थी। पति की मौत के बाद चंदो ने जमीन का कुछ हिस्सा बेटी रामश्री को दे दिया था, जिसकी आमदनी से उसके परिवार पर खर्च चल रहा था। रामश्री को जमीन देने से हरीसिंह व उसका पुत्र राजकुमार नाराज थे। सूचना पर सीओ अजय कुमार व महावन पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम को भेजा। इस मामले में रामश्री ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।