थाना महावन क्षेत्र के कस्बा गोकु ल में शिक्षक घनश्याम के घर लाखों की लूट और नौकर जमनादास की हत्या का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। घनश्याम के छोटे भाई की पत्नी ने आर्थिक तंगी मिटाने को प्रेमी, बेटे और एक अन्य के साथ मिलकर जमना प्रसाद की हत्या और लूटपाट कराई थी। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल भी बरामद कर लिया है।
24 अप्रैल को गोकुल के रतन चौक निवासी शिक्षक घनश्याम के नौकर बल्लभघाट निवासी जमनादास (42) की लुटेरोें ने गला घोटकर हत्या कर दी गई थी। ऊपर के कमरे से ताला तोड़कर लाखों के जेवर, चांदी और कीमती सामान भी लूटा गया था।
एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि महावन पुलिस और सर्विलांस प्रभारी बबलू सिंह ने मोबाइल सर्विलांस के जरिए जुटाए सबूत के आधार पर रिपोर्टकर्ता अजय शर्मा की पत्नी अमिता उर्फ नीरज, बेटे चिंतन, अमिता के प्रेमी मुकेश शर्मा निवासी दाऊजी मोहल्ला गली और शरीफ निवासी मियां पाड़ा गोकुल को पकड़ा गया।
पूछताछ में अमिता ने बताया कि उसने आर्थिक तंगी मिटाने को लेकर प्रेमी मुकेश शर्मा संग अपने ज्येष्ठ के घर लूट कराने की योजना बनाई थी। इसमें जमनादास आड़े आ रहा था। उसकी हत्या कर लूट कराने के लिए जमनादास के साथी बशीर को तैयार किया। घनश्याम शर्मा के मुंबई जाने पर रात को एक बजे मुकेश और बशीर ने चिंतन की मदद से जमनादास की गला दबाकर हत्या कर दी। कमरे का ताला तोड़कर पांच किलो चांदी की सिल्ली, दर्जनभर चांदी की थाली, अन्य बर्तन और जेवरात लूट ले गए। पुलिस ने लूटा गया माल और 35 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। एसएसपी ने टीम को 10 हजार का इनाम दिया है।