थाना यमुनापार क्षेत्र की यमुना विहार श्रीकुंज कालोनी में बहनोई के पास रह रहे युवक को रविवार देर शाम अपाचे बाइक पर सवार युवकों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले को आपसी रंजिश मान रही है।
अलीगढ़ जिले के थाना विजयगढ़ के गांव भटेली निवासी विजय सिंह (35) पुत्र बनवारी लाल यमुनापार स्थित बलदेव रोड यमुनाविहार की श्रीकुंज कालोनी में अपने बहनोई डब्बू के साथ रहते हैं।
रविवार देर शाम करीब 8:30 बजे वह बहनोेई के घर के बाहर से गुजर रहे थे तभी अपाचे बाइक पर आए तीन युवकों ने विजय सिंह को गोली मार दी।
इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर यमुनापार पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को जिला अस्पताल ले आई।
हालत चिंताजनक होने पर नयति अस्पताल भेजा गया। एसओ यमुनापार ने बताया कि मामला रंजिश का है।
डब्बू का बहनोई आगरा जेल में मर्डर के केस में बंद है। डब्बू उस केस की पैरवी करता था और विजय सिंह डब्बू की मदद कर रहा था।