पत्नी से अनबन और पुलिस कार्रवाई से परेशान युवक ने डीएम कार्यालय के सामने केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। डीएम आफिस के सामने युवक पांच मिनट तक आग की लपटों से घिरा जलता रहा और चिल्लाता रहा ‘मुझे मेरी बीवी से बचाओ’। युवक को पुलिस ने 95 प्रतिशत झुलसी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। हालत चिंताजनक होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया।
कलक्ट्रेट पर आत्मदाह का प्रयास करने वाला युवक गोपाल (38) पुत्र सीताराम बलदेव की चूड़ी वाली गली का रहने वाला है और यहां मथुरा में कोतवाली क्षेत्र के अंतापाड़ा इलाके में अमर सिंह के मकान में किराए पर रहता है। वह गोवर्धन के पूर्व चेयरमेन रज्जो की गाड़ी पर चालक था। गोपाल मंगलवार सुबह 11:30 बजे केरोसिन की बोतल लेकर कलक्ट्रेट पहुंचा और डीएम कार्यालय के सामने बने पार्किग स्थल व वृक्षों के बीच केरोसिन डालकर खुद को आग लगा ली। जलती हुई हालत में वह डीएम कार्यालय की ओर भागा। वहां कर्मचारियों व अधिवक्ताओं ने उसे बचाने का प्रयास किया और उसके जलते हुए कपड़े उतारे। सूचना पर पुलिस व अधिकारी मौके पर पहुॅंच गए और युवक को स्वर्णजयंती अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया। युवक को चिकित्सकों ने 95 प्रतिशत जला हुआ बताया।
अस्पताल में गोपाल ने बताया कि वह अंतापाड़ा में अमर सिंह के मकान में किराए पर रहता है। बताया कि उसकी पत्नी के अंतापाड़ा के युवक से नजदीकी है। विरोध करने पर युवक ने उसकी 24 अप्रैल को पिटाई भी कर दी। पुलिस को शिकायत की तो पुलिस ने उसका ही चालान कर दिया और उसे जमानत करानी पड़ी। इससे आहत होकर उसने ये कदम उठाया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने गोपाल के बयान दर्ज किए। इसके बाद उसे आगरा रेफर कर दिया।
इसकी शिकायत कोतवाली मथुरा पुलिस से की गई तो उसने उसका शांति भंग में चालान कर दिया। इस पर उसे जमानत करानी पड़ी। इसके बाद शैलेश उस पर दबंगई करने लगा और फिर से शिकायत की तो कोतवाली पुलिस ने नहीं सुनी। इससे कुपित होकर यह कदम उठाया।
सूचना पर पर सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ रिफाइनरी प्रीति प्रियदर्शिनी, सदर बाजार, रिफाइनरी पुलिस, एडीएम प्रशासन धीरेन्द्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हेम सिंह स्वर्ण जयंती अस्पताल पहुॅंच गए। वहां सिटी मजिस्ट्रेट ने गोपाल के बयान दर्ज किए। इसके बाद उसे आगरा रैफर कर दिया।
सीओ सिटी कर रहे मामले की जांच
मथुरा। गोपाल द्वारा डीएम कार्यालय के सामने आग लगाने के मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा उत्पीड़न के आरोप आदि की जांच एसएसपी ने सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी को सोंपी है। गोपाल के बयान व घटनाक्रम को लेकर सीओ सिटी ने गोपाल से पूछताछ की व अन्य जानकारी जुटाई।
‘गोपाल की पत्नी ने चार दिन पहले मारपीट करने और उत्पीड़न की शिकायत की थी। पिटाई पर पत्नी अस्पताल भी गई थी। उसके खिलाफ कोतवाली में एनसीआर दर्ज है। पत्नी की शिकायत व पुलिस कार्यवाही होने से वह कुपित था और खुद को डीएम कार्यालय के सामने आग लगा ली। मामले की जांच कराई जा रही है’
मंजिल सैनी
एसएसपी