थाना बरसाना के गांव हाथिया में टटलुओं ने सिक्योरिटी सिस्टम लगवाने झांसा देकर दिल्ली से बुलाए इंजीनियर को लूट लिया। लुटेरों ने इंजीनियर को ‘जस्ट डायल’ के जरिए कॉल कर बुलाया था।
नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर 10 निवासी राजेश सिंह इंजीनियर हैं और सेंसर, सिक्योरिटी सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, फायर टेंडर आदि के सेटअप का काम करते हैं। गांव हाथिया के टटलू लुटेरों ने ‘जस्ट डायल’ वेबसाइट के जरिए इंजीनियर को कॉल कर बरसाना में सिक्योरिटी सिस्टम लगवाने की बात कही और उन्हें बरसाना के कमई चौक पर आने का पता नोट कराया।
शुक्रवार को शाम पांच बजे राजेश सिंह बस से बरसाना पहुंचे और कमई चौक से दो बाइकों पर आए तीन युवक उन्हें हाथिया के जंगल में ले गए। वहां राजेश सिंह की पिटाई की और उनसे मोबाइल, 5000 नकदी, अंगूठी, सोने की चेन, नापतोल के उपकरण आदि लूट लिए और पीटकर भगा दिया।
देर शाम राजेश सिंह बरसाना थाने पहुंचे और बरसाना पुलिस को तहरीर दी। राजेश ने पुलिस को वह मोबाइल नंबर भी दिया जिससे टटलू लुटेरे लगातार राजेश से फोन पर संपर्क में थे।