चुरमुरा में फ्लैट बुकिंग के एवज में 7.50 लाख रुपये ले लिए। न तो फ्लैट मिला और न ही रकम वापस हो पाई। थक हारकर पीड़ित ने कल्पतरु बिल्डटैक कारपोरेशन के दो महाप्रबंधकों के खिलाफ थाना फरह में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कल्पतरु बिल्डटैक कारपोरेशन ने चुरमुरा में फ्लैट तैयार कराए। इसमें सैकड़ों लोगों ने फ्लैट बुक कराए। इनमें एक पश्चिमपुरी, आगरा निवासी कुंवरबाबू शर्मा भी थे। कुंवरबाबू शर्मा ने थाना फरह में दर्ज कराई रिपोर्ट में कल्पतरु बिल्डटैक कारपोरेशन के एमडी जयकिशन राणा और वर्तमान एमडी विपिन सिंह के खिलाफ अमानत में खयानत को मुकद्दमा दर्ज कराया है।
आरोप है कि चुरमुरा में फ्लैट की एवज में उनसे 7.50 लाख रुपये लिए गए। आज तक उन्हें फ्लैट नहीं मिला और ली गई रकम भी वापस नहीं दी गई। कई बार चुरमुरा कार्यालय पर धनराशि मांगने गए तो यहां उनके गुर्गों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने एसएसपी बबलू कुमार से गुहार लगाई तो आखिरकार दोनों महाप्रबंधकों के खिलाफ थाना फरह में दर्ज हो सकी। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
एजेंट ने की थी आत्महत्या
कल्पतरु कंपनी के लिए धनराशि एकत्रित करने वाले एजेंट अभय सिंह निवासी नानकपुर, हरियाणा ने मार्च 2016 में चुरमुरा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके पीछे भी एजेंट के ऊपर लोगों की रकम वापस न करने का दबाव था। कल्पतरु कंपनी ने ली रकम वापस नहीं की थी।