इनामी ड्रा का सब्जबाग दिखाकर पलवल की कंपनी ने लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। ड्रा नहीं खोल जाने पर लोगों ने रुपये मांगे तो एजेंट ने उनको ही फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। रविवार को बड़ी संख्या में लोग थाना गोवर्धन में शिकायत लेकर पहुंचे।
राधाकुंड निवासी जगदीश प्रसाद, गंगादासी, ब्रजवासी, जमुना दास, चिंकू, श्यामबाबू, दुर्गेश, कमल सिंह आदि ने प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार को बताया कि श्री नारायण एंटरप्राइजेज पलवल नामक संस्था का एजेंट बनकर कस्बा निवासी युवक ने उनसे पंद्रह माह का खाता खुलवाने की बात कही थी।
स्कीम में लकी ड्रा में कीमती इनाम के साथ ही समय पूरा होने पर पंद्रह हजार जमा रकम के बदले इक्कीस हजार की राशि मिलने की बात कही गई। गांव कोन्हई, नगला पहलवारिया, मुखराई, कुंजेरा आदि से बड़ी संख्या में लोगों ने संस्था में खाता खुलवाया। लोग मासिक किस्त देते रहे।
पंद्रह महीने बीतने पर भी जब कोई ड्रा नहीं खुला तो उन्होंने पैसे मांगना शुरू किए। आरोप है कि अब वो फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने मामले की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।