आगरा से दिल्ली जाने के लिए ऑनलाइन बुक कराई कार को सवारी बनकर बैठक चार बदमाश लूटकर ले गए। चालक को नंदगांव रोड पर फेंक दिया। बाद में बदमाशों से मुठभेड़ के बाद कोसी-होडल पुलिस ने चार बदमाशों को कार सहित पकड़ लिया।
बुधवार को सुबह फीरोजाबाद निवासी अजय ने आगरा से दिल्ली जाने के लिए इटोस लीमा कार ऑनलाइन बुक कराई थी। खेरिया मोड़, आगरा निवासी चालक अमजद पुत्र अमीर अजय और उसके साथी बिजनौर निवासी जयप्रकाश, कासंगज निवासी अनिल को लेकर सुबह करीब 11 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। रास्ते में गोवर्धन चौराहे के समीप से कासगंज निवासी विष्णु को कार में बैठा लिया। कार जैसे ही चौमुंहा के समीप पहुंची तो युवकों ने लघुशंका के बहाने कार को रुकवाया और चालक के हाथ-पैर बांधकर पीछे डाल दिया। इसके बाद बदमाश चालक को नंदगाव रोड पर फेंककर भाग गए। चालक ने किसी तरह थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पर इंस्पेक्टर नरेन्द्र यादव, कोटवन चौकी प्रभारी हरवेन्द्र मिश्रा, चौकी प्रभारी लोकेश भाटी हरकत में आ गए। कार में जीपीएस लगा होने के कारण कार की लोकेशन होडल की ओर मिली तो हरियाणा पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में कार कोटवन चौकी के समीप आती दिखाई दी, तो पुलिस ने पीछा किया। पुलिस ने हाईवे पर पीछा करते हुए अजय को पकड़ लिया। सूचना पर होडल एचएसओ अश्विनी कुमार भी पहुंच गए। बाद में कोटवन बार्डर के समीप से अन्य तीन साथियों को भी पकड़ लिया।
इधर मंगलवार को हुई घटना में पैगांव से कार चोरी कर भाग रहे युवक को गोपाल बाग पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी ने जोगेन्द्र निवासी पलवल बताया गया है।