शहर कोतवाली क्षेत्र में पुराने बस अड्डा के निकट बहादुरपुरा कालोनी निवासी सागर वाल्मीकि (20) पुत्र बबलू वाल्मीकि घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। सोमवार की सुबह तड़के पांच बजे परिवारीजन उसे जगाने पहुंचे। तो बिस्तर खून में लथपथ था। किसी ने रात में सागर के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। सूचना पर कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी, सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में बबलू वाल्मीकि ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसपी डा. राकेश सिंह ने बताया कि मामले में सागर के पड़ोसी संजीव को हिरासत में लिया गया है। मामला प्रेम प्रसंग के चलते रंजिश का प्रतीत हो रहा है।
जेब से मिला युवती का फोटो
कोतवाली पुलिस ने मृतक सागर की तलाशी ली तो उसकी जेब से युवती का फोटो मिला। युवती के बारे में पूर्व में विवाद होने की बात भी सामने आई
तड़के तीन बजे पिता ने अंदर बुलाया था
सागर को उसके पिता बबलू वाल्मीकि ने तड़के तीन बजे आवाज देकर अंदर आने के लिए कहा था। बबलू ने बताया कि सागर ने अंदर गरमी होने की बात कही और बाहर ही सोने के लिए कहा। दो घंटे बाद सुबह पांच बजे जब जगाने पहुंचे तो वह मृत मिला। पड़ोस में ही 11 जून की शादी है। रविवार की रात 12:30 बजे तक मंगल गीत आदि का कार्यक्रम चला था। सागर की चारपाई से 20, 30 मीटर दूरी पर अन्य लोग भी सोए थे लेकिन किसी ने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी।
हत्या:2
थाना सदर बाजार क्षेत्र की दामोदरपुरा किशोर नगर कालोनी निवासी पंकज सिंह (32) पुत्र जगवीर सिंह जिला पंचायत कार्यालय में कनिष्ठ लिपिक था। सोमवार की सुबह फरह के गांव बिसू में शराब ठेके के बाहर उसका शव मिला।
सूचना पर फरह पुलिस, सीओ रिफाइनरी राजेश सोनकर और परिवारीजन मौके पर पहुंचे। बताया गया कि फरह-अछनेरा मार्ग पर स्थित एक मकान की दुकान में ये अंग्रेजी शराब का ठेका पंकज के मित्र धर्मेन्द्र का है।
पंकज और धर्मेन्द्र वहां रविवार रात पहुंचे। दोनों में शराब पीकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान कल्लन नामक युवक से भी पंकज की मारपीट हुई। जिसके बाद धर्मेन्द्र ने उसके सिर पर निकट रखी पटिया का टुकड़ा मारकर हत्या कर दी।
पंकज के चाचा ब्रजेन्द्र सिंह के अनुसार रविवार की शाम दामोदरपुरा निवासी राजमिस्त्री कल्लन, शराब कारोबारी धर्मेन्द्र ही पंकज को ले गए थे। एसएसपी डा. राकेश सिंह मौके भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने कल्लन को हिरासत में ले लिया और पूछताछ की। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि पंकज सिंह से धर्मेन्द्र ने चार माह पहले पांच लाख रुपये उधार लिए थे। पंकज उससे पैसे वापस करने की कह रहा था। इसी को लेकर विवाद हुआ। घटनास्थल से शराब की बोतलें, पटिया का टूटा हुआ टुकड़ा बरामद किया गया है।