फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली के बाद मथुरा पहुंचे मैसेज ने कराया बवाल

Wed, 13 Jul 2016 12:13 AM IST
अमर उजाला मथुरा
विज्ञापन
मथुरा पहुंचे मैसेज ने कराया बवाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर धर्म विशेष के नाम से आपत्तिजनक टिप्पणी वाले मैसेज फैलाकर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की साजिश हो रही है। व्हाट्सएप ग्रुप पर पोस्ट के बाद मथुरा के खारीकुंआ में बवाल कराने वाले मैसेज ने ही बरेली में बवाल कराया था। सोशल मीडिया के जरिए यह मैसेज पूरे प्रदेश में फैल रहा है। इसे देखते हुए गृह विभाग ने मामले में अलर्ट जारी कर दिया है। सोशल मीडिया की भी निगहबानी बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन


सोमवार को व्हाट्सएप के ग्रुप पर धर्म विशेष के लिए पोस्ट किए गए मैसेज से मथुरा में एक समुदाय के लोग भड़क गए थे। खारीकुआं क्षेत्र में शुरू हुए बवाल के बाद पूरा बाजार बंद हो गया। आक्रोशित लोगों ने पहले खारीकुआं पर जाम लगाया और फिर कोतवाली घेर ली थी। कुछ ही देर में भीड़ इकट्ठा हो गई थी।

पुलिस और प्रशासन के आला अफसरों ने आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया तब किसी तरह लोग माने। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर देर शाम तक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया। मंगलवार को उसे जेल भेज दिया। बताया गया है कि इस प्रकार का ही मैसेज बरेली में भी पहुंचा था। वहां भी हंगामा हुआ। ऐसे में पूरे प्रदेश में सोशल मीडिया की निगहबानी बढ़ा दी गई है। गृह विभाग ने अफसरों को इन मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन


सोशल मीडिया की चेकिंग बढ़ाई
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया की निगहबानी बढ़ाई जा रही है। अगर कहीं कोई आपत्तिजनक मैसेज डालेगा तो कार्रवाई की जाएगी।
 
खारीकुआं में तैनात रहा फोर्स
खारीकुआं इलाके में दूसरे दिन भी पुलिस फोर्स तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारी भी हालात पर निगाह लगाए थे। पुलिस ने लोगों को बताया कि मैसेज पोस्ट करने वाले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

व्हाट्सएप यूजर हैं तो रखें ध्यान
- इलेक्ट्रोनिक डिवाइस और इंटरनेट के जरिए किसी व्यक्ति, समुदाय या धर्म विशेष को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी साइबर क्राइम की श्रेणी में आती है। थाने में शिकायत पर ऐसे मामलों में तुरंत रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। 

- सोशल मीडिया पर अगर टिप्पणी ग्रुप में की गई है तो ग्रुप एडमिन भी जिम्मेदार होगा। अनजाने में भी ऐसे मैसेज फोरवार्ड या पोस्ट करना साइबर एक्ट और आईपीसी के तहत अपराध है। सभी में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

- किसी विवादित टिप्पणी पर लाइक या कमेंट करना भी कार्रवाई के दायरे में आता है। ग्रुप पर भड़काऊ मैसेज आने के बाद आपकी खामोशी भी आपको फंसा सकती है। इन मामलों में तुरंत पुलिस के साइबर सेल में शिकायत करें। किसी ग्रुप पर ऐसे मैसेज आ रहे हैं तो तत्काल ग्रुप छोड़ना ही मुनासिब है।

जिले में खुलेगा विशेष सेल
पुलिस के अनुसार जिले में सोशल मीडिया पर निगहबानी के लिए अब विशेष सेल खोला जाएगा। आईटी मामलों के विशेषज्ञ पुलिसकर्मी इस सेल की कमान संभालेंगे। शिकायत के लिए भी कंट्रोल रूम होगा। अगर किसी को कोई ऐसी टिप्पणी सोशल मीडिया पर दिखे तो वह तत्काल कंट्रोल रूम में शिकायत कर सकता है। शिकायतकर्ता का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें