मंगलवार रात कार सवार तीन युवकों ने युवती का अपहरण कर लिया। इनमें से एक युवक ने उस पर शादी करने के लिए दबाव डाला और इंकार करने पर चाकू से वार कर युवती की जान लेने का प्रयास किया। बाद में उसे फरह के पास कार से फेंककर फरार हो गए।
भागते समय उन्होंने टोल प्लाजा के बैरियर को भी कार से टक्कर मार तोड़ दिया और आगरा की ओर फरार हो गए। राहगीरों ने उसे एक हास्पिटल में भर्ती कराया और उसके परिवारीजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती के बयान लिए और आरोपियों की तलाश में दबिश दी।
युवती सौंख रोड स्थित एक कालोनी की रहने वाली है और एक रिटायर्ड दरोगा की पुत्री है। वह पास के ही एक स्कूल में पढ़ाती हैं। स्कूल के किसी कार्य के दौरान उसकी मुलाकात डीग गेट निवासी तौफीक कुरैशी से हुई थी। इसी दौरान उसने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया था।
युवती ने बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे तौफीक ने फोन कर कुछ कार्य होने की बात कहते हुए उसे सौंख रोड पर बुलाया और उसे जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद वे कार को हाईवे पर आगरा की ओर लेकर चल दिए। तौफीक उस पर शादी के लिए दबाव डालने लगा और कहा कि वह उसे अपने माता पिता से मिलाने ले जा रहा है। उसने विरोध किया तो उसके सिर और शरीर पर चाकू से प्रहार किए।
उसका पर्स और मोबाइल छीन लिया और थाना फरह क्षेत्र में द्वापर होटल से आगे गाड़ी से धक्का देकर आगरा की ओर भाग गए। भागते समय इन्होंने महुअन स्थित टोल प्लाजा पर बैरियर भी कार की टक्कर से तोड़ दिया। बाद में राहगीरों ने युवती को स्वर्ण जयंती अस्पताल में भर्ती कराया।
देर रात फरह पुलिस अस्पताल पहुंच गई थी। युवक और युवती के अलग-अलग समुदाय के होने के कारण पुलिस मामले में कुछ कहने से बच रही है।