लखनऊ से दस दिन पहले चले गुजरात के कारोबारी से फीरोजाबाद में हुई करोड़ों की लूट के मामले में कार्रवाई के बाद अब ढील दी जा रही है। स्वाट टीम और एसटीएफ के साथ की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक दर्जन लोगों को पकड़ने के बाद तीन को छोड़ दिया है।
रविवार रात को दिल्ली की ओर से भाग रहे एक्सयूवी सवार लुटेरों की गाड़ी टकरा जाने के बाद दबोचे गए तीन बदमाशों की निशानदेही पर स्वाट टीम और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर पुष्पांजलि कालोनी से एक पूर्व फौजी, रिफाइनरी के गांव धानातेजा, भैंसा और कृष्णा विहार कालोनी से सात लोगों को पकड़ा था।
इसमें एक प्रमुख लुटेरा मौके से भाग गया। बूरा खाने आए उसके बहनोई को पुलिस ने पकड़ लिया था। मामले में तेल चोरी और काले तेल के गोदाम संचालक रहे एक शातिर सहित तीन लोगों को छुड़ाने के लिए सोमवार सुबह से ही कुछ स्थानीय नेता जुटे रहे। इस पर स्थानीय नेताओं की सक्रियता देख पहले तो पुलिस ने तीनों की जमकर पिटाई की। बाद में जब नेताओं ने इसकी जानकारी ऊपर तक बताई तो एक-एक कर तीन युवकों को छोड़ दिया था। मामले में एसएसपी डा. राकेश सिंह ने कहा कि मामला गंभीर है। कुछ दिनों बाद बड़ा खुलासा किया जाएगा।
दबिश में लुटेरा घायल
स्वाट टीम और एसटीएफ की रविवार रात को दी गई दबिश मेें एक लुटेरा भाग गया। हालांकि पुलिस ने उसे बट मारीं लेकिन वह पकड़ से छूट भागा। इससे वह घायल भी हुआ। सोमवार को दिन में पुलिस टीम ने अस्पतालों में उसकी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला।
यह है हाई प्रोफाइल लूट का मामला
गुजरात के हीरा कारोबारी से लखनऊ से लौटने के दौरान रात में फीरोजाबाद के सिरसागंज इलाके में लुटेरों ने करोड़ों की लूट की थी। कारोबारी ने इसकी जानकारी सिरसागंज पुलिस को दी तो उसने लूट लाखों में बताई। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। वहीं गुजरात के कारोबारी ने डीआईजी और लखनऊ के एक पुलिस अधिकारी से संपर्क साधा तो इस पर मथुरा की स्वाट टीम और एसटीएफ लगाई गई थी। मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम ने रविवार रात 10:30 बजे हाईवे पर नई एक्सयूवी 500 गाड़ी में सवार लुटेरों को घेरा था। इस पर लुटेरों की गाड़ी गणेशरा चौराहे पर बिजली के खंभे से टकरा गई थी और टीम ने तीन शातिर लुटेरों को दबोच लिया था।
कोतवाली में लगा रहा जमघट
स्वाट टीम द्वारा पकड़े गए आधा दर्जन से अधिक लूट के आरोपी लोगों को टीम ने कोतवाली में शिफ्ट कर दिया। उनसे मिलने वालों को लेकर टैंकर संचालक व कई सफेदपोश मुलाकात के लिए कोतवाली में जुटे रहे।