बिजनौर। रक्षा बंधन पर कनखल से भाई को राखी बांधने के लिए काशीपुर जाने के लिए निकली दीपा अपने भाई को राखी भी नही बांध पाई थी कि रास्ते में ही पांच साल के बेटे नोनू के साथ दीपा को अगवा करके दोनों की हत्या कर दी गई।
पुलिस दीपा के पति और पति की पहली पत्नी पर दोनों की हत्या का शक जता रही है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
काशीपुर के मोहल्ला कविनगर में रहने वाले वेदप्रकाश शर्मा के पुत्री दीपा के धामपुर थाने के गांव मौहड़ा निवासी रिंकू चौहान से प्रेम संबंध हो गए थे। सात साल पहले दीपा ने रिंकू से कोर्ट मैरिज कर ली थी। कोर्ट मैरिज करते वक्त दीपा को नहीं मालूम था कि रिंकू पहले से शादीशुदा है।
पहली पत्नी से एक पुत्र भी है। रिंकू की पहली पत्नी से दीपा की अनबन रहने लगी थी। यह देख रिंकू ने दीपा को कनखल हरिद्वार में किराए का मकान दिला दिया। वहां दीपा अपने पांच साल के मासूम पुत्र नोनू के साथ रहने लगी। रिंकू चौहान भी कनखल आता-जाता था।
28 अगस्त को रिंकू अपने भाई को राखी बांधने के लिए कनखल से काशीपुर के लिए निकली थी। कनखल में पड़ोस की एक बालिका दीपा के पुत्र नोनू को अपना भाई मानती थी। घर से निकलने से पूर्व उसे बालिका ने नोनू को राखी बांधी थी। मां-बेटे को रास्ते से अगवा करके दोनों की रस्सी से गला घोंटकर उनके शव बिजनौर जिले के किरतपुर थाने के गांव भनेड़ा की नहर में डाल दिए गए।
दीपा का शव रविवार को और नोनू का शव सोमवार को मिला था। पुलिस इस केस की गहराई से छानबीन में लग गई र्है। पुलिस जांच में अब तक दीपा का पति रिंकू चौहान और उसकी पहली पत्नी शक के दायरे में आ रहे हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
पुलिस मान रही है मर्डर में कुछ ओर लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस केस से जल्द ही पर्दा हटाने की तैयारी में जुट गई है। पुलिस कातिलों के साथ उनके खिलाफ सबूत जुटाने में लग गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि हो गई है। एसओ किरतपुर धर्मपाल सिंह के मुताबिक पुलिस इस केस के खुलासे के नजदीक पहुंच गई है।
जल्द ही केस का खुलासा होगा। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि नोनू को 28 अगस्त को घर से निकलने से पहले पड़ोस की एक लड़की ने राखी बांधी थी।