पटलौनी और किलौनी गांव के बीच स्थित जंगल में रविवार रात किसी ने 20 गोवंश पर तेजाब फेंक दिया। इसमें एक बछड़े की मौत हो गई, जबकि बाकी गोवंश झुलस गए हैं। कुछ गायों पर धारदार हथियारों से भी हमला हुआ है। वेटरनेरी के डाक्टरों ने पहुंचकर इनका उपचार किया।
सोमवार सुबह जंगल में झुलसी हुई गाय और बछड़े देखे तो लोगों में हल्ला मच गया। पास में ही एक बछड़ा मरा पड़ा था। किसी गाय के चेहरे पर तेजाब पड़ा है तो किसी की पीठ पर। छह गाय तो बुरी तरह से झुलस गई हैं। सूचना पर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच गए।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल वेटरनेरी के चिकित्सक भी यहां बुला लिए गए। चिकित्सकों ने बताया कि तेजाब काफी पास से ही फेंका गया। यहीं पास में सिरिंज भी मिले हैं, अनुमान लगाया जा रहा है कि इन सिरिंज में भरकर ही तेजाब डाला गया हो।
थानाध्यक्ष प्रवीनमान ने बताया कि एक बछड़े पर ज्यादा तेजाब डाला गया था। उसकी गर्दन पर काफी जख्म बन गया। इससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में छोटू हलवाई ने थाना बलदेव में तहरीर दी है।