सराफ हत्याकांड व लूट के मामले में पुलिस ने कुख्यात बदमाश राकेश उर्फ रंगा को लेकर आगरा और मथुरा में कई जगह दबिश दी और उसकी निशानदेही पर लूट का 400 ग्राम सोना बरामद कर लिया। मामले में मथुरा में एक ज्वैलर्स के यहां भी दबिश दी गई है। पुलिस का कहना है कि लूटा गया सोना आगरा और मथुरा में ही बेचा गया है।
बदमाशों ने 15 मई की रात को दो सराफों विकास अग्रवाल और मेघ अग्रवाल की हत्या करके चार करोड़ का सोना लूट लिया था। पुलिस ने कुछ ही दिन में वारदात का खुलासा तो कर दिया था लेकिन लूटे गए सोने की बरामदगी नहीं हो पाई थी। इसके लिए पुलिस ने राकेश उर्फ रंगा और उसके भाई कामेश उर्फ चीनी को रिमांड पर ले रखा
है। इन दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। इसी कार्रवाई में पुलिस रविवार की रात रंगा को लेकर आगरा में रूपेश के घर गई। जहां रूपेश के पड़ोसियों ने रंगा की पहचान की और बताया कि रंगा का अक्सर वहां आना जाना होता था। इसके बाद रंगा की निशानदेही पर पुलिस ने आगरा में शीतला वाली गली स्थित सौरभ के घर पर
दबिश दी। लेकिन घर पर कोई नहीं मिला है। पुलिस ने सुबह भी सौरभ की तलाश में छापे मारे। इसके अलावा पुलिस ने मथुरा में भी एक सर्राफ के यहां छापा मारा। हालांकि अभी पुलिस बरामदगी को लेकर कुछ नहीं बता रही है लेकिन पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने रंगा की निशानदेही पर करीब 400 ग्राम सोना बरामद कर लिया है। इसके अलावा कुछ अन्य सामान भी पुलिस के हाथ लगा है। बताया जाता है कि मंगलवार को एसएसपी बरामद सामान को लेकर कांफ्रेंस करेंगे।