लाइफ इन्श्योरेन्स कारपोरेशन एम्प्लाईज सैलरी आरनर्स कोआपरेशन सोसाइटी लिमिटेड में 14 वर्ष तक सचिव रहे अजय कुमार शर्मा के खिलाफ 40 लाख रुपये के गबन की रिपोर्ट दर्ज हुई है। यह रिपोर्ट एआर कोआपरेटिव के स्तर से कराई गई जांच की रिपोर्ट के बाद दर्ज कराई गई है।
थाना कोतवाली मथुरा में दर्ज कराई रिपोर्ट में लाइफ इन्श्योरेन्स कारपोरेशन एम्प्लाईज सैलरी आरनर्स कोआपरेशन सोसाइटी लिमिटेड के वर्तमान अध्यक्ष योगेन्द्र चौधरी ने कहा है कि अजय कुमार शर्मा ने सोसाइटी के सचिव पद पर रहतेे सदस्य कर्मचारियों के 40 लाख रुपये का गबन किया। इसका खुलासा ऑडिट रिपोर्ट में हुआ था। एआर कोआपरेटिव विनोद कुमार पटेल की ओर से गठित जांच निरीक्षण कमेटी की रिपोर्ट में यह साबित हो गया। जिसके बाद एआर कोआपरेटिव ने दोषी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।
योगेन्द्र चौधरी ने बुधवार को थाना कोतवाली में अजय कुमार शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, सबूत नष्ट करना, दस्तावेजों में हेराफेरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई। गौरतलब रहे कि अजय कुमार शर्मा के खिलाफ समिति का चार्ज न सौंपने पर भी पुलिस चौकी कृष्णा नगर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।