सोमवार दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे कोतवाली क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक से चेक कैश कराकर निकले वन विभाग के रेंजर से बाइक सवार बदमाशों ने दस लाख रुपये लूट लिए। बीच शहर में सौंख अड्डे पर चौकी बागबहादुर से मात्र 50 मीटर दूर हुई इस वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। कैश लूटने के बाद बदमाश भरतपुर गेट की तरफ भाग गए।
वन विभाग के रेंजर मुकेश मीणा अपने साथ वन रक्षक पदम सिंह को लेकर जिप्सी से सौंख अड्डे पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से दस लाख का चेक कैश कराने गए थे। करीब 10:30 बजे जिप्सी सड़क किनारे खड़ी कर वे बैंक में अंदर गए।
करीब साढ़े ग्यारह बजे दस लाख का कैश बैग में रखकर वह बाहर आए। बैग रेंजर के हाथ में था और वन रक्षक पीछे पीछे चल रहा था। सड़क पार खड़ी जिप्सी की ओर जा रहे थे कि अचानक बाइक सवार बदमाशों ने रेंजर के हाथ से नोटों भरा थैला छीन लिया और भरतपुर गेट की तरफ भाग गए। रेंजर और वन रक्षक ने शोर मचाया तो भीड़ इकट्ठी हो गई। कुछ लोग पीछे दौड़े भी, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए।
दिनदहाड़े दस लाख की लूट से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसएसपी बबलू कुमार समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी की। बताया जाता है कि बदमाश काले रंग की पल्सर पर सवार थे। रेंजर मुकेश मीणा ने बताया कि पिछले दिनों कराए गए पौधरोपण के लिए ठेकेदार को पेमेंट किया जाना था। इसलिए चेक कैश कराने के लिए आए थे।