वृंदावन (मथुरा)। मानव सेवा संघ आश्रम को लेकर एक बार फिर धरना प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया। यहां बाल काल में शिक्षा ग्रहण करने वाली शिष्याओं को आश्रम में प्रवेश नहीं दिया तो उन्होंने आश्रम के द्वार पर ताला जड़ दिया। दोनों तरफ से तालेबंदी के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। हालांकि शाम तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकल सका। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम में फंस गए है।
आश्रम के ब्रह्मलीन संत स्वामी शरणानंद की शिष्या साध्वी मुक्तेश्वरी देवी की पुण्य तिथि के लिए के लिए उनकी शिष्याएं प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति मांग रही थीं। शनिवार को जब वे कार्यक्रम के लिए आश्रम पहुंची तो उन्हें प्रबंधक गोपाल दास ने प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस पर शिष्याओं ने बाहर गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद वे धरना पर बैठ गईं। मामला पुलिस तक पहुंचा।
एक बार तो पुलिस समझा बुझाकर वापस लौट गयी, लेकिन दोनों के बीच विवाद का समाधान नहीं हो सका है। इससे घंटों से आश्रम में अंदर कैद तमाम श्रद्धालु बाहर निकलने के लिए पुलिस से मदद मांग रहे हैं जबकि न तो अंदर मौजूद प्रबंधक गोपाल दास पुलिस की सुनने को तैयार है और न बाहर बैठी शिष्याएं ताला खोलने के लिए तैयार नजर आईं। आश्रम के प्रबंधक गोपाल दास का कहना है कि उक्त महिलाएं अपने कुछ साथियों के साथ आश्रम पर कब्जा करना चाहती हैं।