मथुरा। शहर के कई मिल्क सेंटरों पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान दूध, घी व क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। वहीं टीम ने किराना स्टोर और फैक्टरी पर भी कार्रवाई की।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के डीओ डॉ. गौरीशंकर ने बताया कि संजू अग्रवाल की जुगसना में दाऊजी मिल्क सेंटर के नाम से दुकान है। उसके यहां मिलावटी दूध की शिकायतें मिल रही थीं। टीम ने सुबह 4:30 बजे दुकान का निरीक्षण कर दूध से निकली क्रीम व घी का नमूना लिया। वहीं विक्रेता को सही प्रकार से रखरखाव करते हुए गुणवत्ता के निर्देश दिए। इसके बाद टीम मुन्ना डेयरी जुगसुना पहुंची।
यहां टैंकर में लगभग 5000 लीटर दूध पाया गया। टीम ने विक्रेता प्रेमचंद अग्रवाल की डेयरी से भी नमूने एकत्र किए। टीम को नगला बिझारी में भी शिकायतें मिल रही थीं कि महेश नाम का व्यक्ति नकली दूध बनाता है। उसकी डेयरी का सुबह 6 बजे निरीक्षण किया गया। मौके पर महेश के पास लगभग 1000 लीटर दूध पाया गया। जिसका नमूना लिया गया है। उसके बाद टीम ने सादाबाद रोड स्थित कई डेयरियों का भी निरीक्षण कर नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
किराना स्टोर व फैक्टरी पर भी हुई कार्रवाई
टीम ने शिकायत मिलने पर मथुरा में लालागंज कोतवाली रोड स्थित टीसी किराना स्टोर पर कार्रवाई की। मौके पर मिले मोहम्मद ताहिर से गोदाम की जानकारी लेकर भरतपुर गेट स्थित फैक्टरी का निरीक्षण किया। यहां मिले धनिया पाउडर का संदेह होने पर एक नमूना लिया गया। वहीं सौ किलो धनिया पाउडर सील किया गया। पिसी लाल मिर्च का नमूला लेकर 120 किलो लाल मिर्च को सील किया गया। टीम में खाद सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, एसएस निरंजन, देवराज सिंह, नंदकिशोर व डॉ. शैलेंद्र रावत शमिल रहे।