ईडी ने की पूछताछ
ईडी की टीम ने शनिवार को देश में दंगा भड़काने की साजिश और देशद्रोह के आरोप में बंद पीएफआई के तीन सदस्यों से जेल में पहुंचकर पूछताछ की। साथ ही बयान भी दर्ज किए गए। पीएफआई के सदस्य कप्पन सिद्दकी, अतीकुर्रहमान और मसूद से जेल में पूछताछ कर बयान दर्ज करने के लिए ईडी के डिप्टी डायरेक्टर विनय वालियान ने शनिवार को अपर जिला जज प्रथम की अदालत में प्रार्थनापत्र दिया था। अदालत से अनुमति के बाद ईडी के डिप्टी डायरेक्टर विनय वालियान और पवनीश सिंह सिरोही अतिकुर्रहमान, सिद्दीकी और मसूद से पूछताछ करने के लिए दोपहर 3:30 बजे जिला कारागार पहुंचे।
उन्होंने 6:40 बजे तक तीनों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। ईडी की टीम ने चौथे आरोपी आलम से कोई पूछताछ नहीं की। वरिष्ठ जेल अधीक्षक शैलैंद्र कुमार मैत्रेय ने बताया कि ईडी के दो डिप्टी डायरेक्टर अतीकुर्रहमान सिद्दीकी और मसूद के बयान दर्ज करने अपर जिला जज प्रथम की अदालत का आदेश लेकर जेल आए थे। डीजीसी शिवराम तरकर ने बताया कि ईडी के डिप्टी डायरेक्टर ने एडीजे प्रथम कोर्ट से अनुमति ली थी।