मथुरा। सावधान, यदि आपको कोई शादी अनुदान के नाम पर 3150 रुपये अपने खाते में डलवाकर बदले में सामूहिक विवाह योजना में 51 हजार डलवाने का ऑफर देता है तो झांसे में न आएं। यह ठगी का नया तरीका है। इसी प्रकार का एक फोन खुद समाज कल्याण अधिकारी के पास भी आया है। जिसने खुद को विकास भवन लखनऊ में तैनात बताकर विवाह अनुदान की राशि अपने खाते में डलवाने को कहा। समाज कल्याण अधिकारी ने इस संबंध में एसएसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए कहा है।
दो दिन पूर्व एक फोन समाज कल्याण अधिकारी करुणेश त्रिपाठी के पास आया। फोन करने वाले ने खुद को विकास भवन लखनऊ में तैनात बताया और विवाह अनुदान के लिए 3150 रुपये अपने खाते में डलवाने चाहे। उन्होंने जब लौटकर उसकी बात अपने सहायक विकास अधिकारी दिलीप कुमार से गई और उन्होंने जब अपना परिचय दिया तो फोन कट गया और बंद हो गया। समाज कल्याण अधिकारी ने इस संबंध में एसएसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए कहा है। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के फोन लोगों के पास आ रहे हैं। इससे लोग भ्रमित न हों।