कोसीकलां में नारकोटिक्स टीम की कार्रवाई के दौरान दुकानों के आगे बैठे लोग। संवाद
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने शनिवार को शहर के मेडिकल स्टोरों पर छापा मारकर नशीली दवाओं का जखीरा पकड़ा है। इस मामले में टीम करीब 25 लाख रुपये की दवाओं के साथ दो कारोबारियों को भी ले गई है। एक दुकान सील की है। कुछ मोबाइल भी कब्जे में लिए हैं, ताकि नशीली दवाओं के कारोबार से जुड़े लोगों का पता लगाया जा सके।
शनिवार दोपहर तीन बजे केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, दिल्ली के एसपी विजय सिंह के नेतृत्व में टीम नशीली दवाओं के धंधे से जुड़े एक दवा तस्कर के साथ पहुंची। उसने पूछताछ में नगर के दो दवा कारोबारियों के नाम बताए। टीम ने दोनों की तलाश में लालाराम मार्ग स्थित आरएल इंटरप्राइजेज पर छापा मारकर गोपाल नगर निवासी संजय अग्रवाल एवं तेलीपाड़ा निवासी नीतेश उर्फ कल्लू को पकड़ लिया। दुकान में जांच की तो वहां भारी मात्रा में नशीली दवाएं रेड मॉक्स एवं प्रतिबंधित कोडिन कफ सीरप बरामद हुआ। पकड़ी गई दवाओं की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
टीम ने मेडिकल स्टोर के कंप्यूटर एवं दवाओं से संबधित दस्तावेज व रजिस्टर भी जब्त कर दोनों कारोबारियों को अपने साथ दिल्ली ले गई। वहीं, संजय की ही पुलिस चौकी के समीप स्थित दुकान गणपति मेडीकोज को सील कर दिया। टीम ने पड़ोसी मेडिकल स्टोर आरए इंटरप्राइजेज पर भी कार्रवाई की। लेकिन इसकी भनक लगते ही संचालक वहां से भाग निकला। चौकी प्रभारी मनिंद्र सिंह ने बताया कि टीम ने करीब दो घंटे से अधिक समय तक जांच-पड़ताल की। इस दौरान एक दुकान को सील कर दो कारोबारी संजय व नीतेश को साथ ले गई।
ड्रग विभाग को कार्रवाई से रखा दूर
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई की जानकारी ड्रग विभाग को नहीं दी। कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि ड्रग विभाग को नशीली, प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के बारे में जानकारी है फिर भी अधिकारी कार्रवाई नहीं करते। केवल एक-दो मेडिकल पर नमूने भरकर इतिश्री कर देते हैं।
पूर्व में जेल जा चुका है संजय
छह माह पूर्व भी संजय एक अन्य युवक के साथ प्रतिबंधित कफ सीरप कोडिन के साथ कोटवन औद्योगिक क्षेत्र में पकड़ा गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केंट्रा से करीब 140 पेटी कफ सीरप बरामद कर संजय को जेल भेजा था। जब भी ड्रग विभाग कार्रवाई करने से कतराता रहा।