कोटवन पुलिस चौकी का निरीक्षण करते एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद।
- फोटो : KOSI
मथुरा जिले की कोटवन पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा जब्त की हुई शराब को तस्कर के साथ मिलकर बेचा जा रहा था। मामले का खुलासा होने पर अधिकारियों ने कोटवन चौकी के हेड कांस्टेबल, पीआरबी के कांस्टेबल सहित शराब तस्कर और फैक्टरी के चौकीदार को गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं पुलिस अधिकारियों ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर चौकी इंचार्ज और हेड मोहर्रर को भी निलंबित कर दिया है। मामले की लखनऊ तक गूंज होने के बाद अधिकारी अन्य पुलिसकर्मी तथा अधिकारियों की जांच में जुट गए हैं।
जनपद के बॉर्डर के थाना कोसीकलां की पुलिस चौकी कोटवन हमेशा से चर्चा में रही है। विगत वर्ष जब्त की गई हरियाणा ब्रांड की करीब 60 लाख की शराब को पुलिसकर्मियों द्वारा शराब तस्कर के साथ मिलकर बेचे जाने का बुधवार को खुलासा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने कोटवन चौकी के निकट ही स्थित एक खाली पड़ी फैक्टरी में रखी शराब संबंधी शुरुआती जांच के बाद पीआरबी 1882 पर तैनात कांस्टेबल अनिल कुमार तथा कोटवन चौकी के हेड कांस्टेबल सत्येन्द्र पचौरी, शराब तस्कर विष्णु निवासी ग्राम अजीजपुर कोसीकलां सहित फैक्टरी के चौकीदार थान सिंह निवासी फैक्टरी कोसीकलां को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने इनके पास से मात्र 117 पौआ और 19 बोतल अवैध शराब की बरामदगी दिखाई है। पुलिस ने पीआरबी के कांस्टेबल अनिल कुमार की आल्टो कार भी शराब तस्कर के ठिकाने से बरामद की है। इतना ही नहीं पुलिस अधिकारियों ने प्रथम दृष्टया पूरे मामले में दोषी मानते हुए पीआरबी कांस्टेबल तथा चौकी के हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही कोटवन चौकी इंचार्ज बालेन्द्र सिंह और हेड मोहर्रिर अनुज कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है।
इस संबंध में कोसीकलां कोतवाली प्रभारी आजाद पाल सिंह ने एफआईआर दर्ज कराई है। एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि जब्त शराब की चोरी के मामले में दो पुलिसकर्मियों समेत चार को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। चौकी इंचार्ज और हेड मोहर्रिर को निलंबित किया है। चौकी पर नियुक्त अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की विस्तृत जांच पुलिस अधीक्षक सुरक्षा द्वारा की जा रही है।